मोदी लहर में भी चुनाव जीतने वाले सुभाष पासी के मुंबई में लोकसभा चुनाव लड़ने पर भाजपा ने कसा तंज





खानपुर। क्षेत्र के खानपुर बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इस दौरान उन्होंने सैदपुर विधायक सुभाष पासी द्वारा सैदपुर छोड़कर मुंबई से लोस चुनाव लड़ने पर नाराजगी जताई। कहा कि विधायक द्वारा बीच में सैदपुर को छोड़कर मुंबई से चुनाव लड़ना सैदपुर की जनता का अपमान है। भाजपा मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश पाठक ने कहा कि सैदपुर की जनता ने विधायक पर भरोसा कर उन्हें उस मोदी लहर में भाजपा के कद्दावर प्रदेश महामंत्री जैसी शख्सियत को हराकर विधायक को चुना था जिसमें सपा, बसपा व कांग्रेस के बड़े बड़े कद्दावर भी अपनी सीट नहीं बचा पाए थे। लेकिन सुभाष पासी ने सैदपुर की जनता को छोड़कर उनकी उम्मीदों पर पानी फेरा है। मंडल अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि बसपा व सपा के विधायक सिर्फ विधायक निधि से अपना विकास करते हैं। कहा कि विधायक के इस फैसले के बाद सैदपुर की ज्यादातर जनता न सिर्फ नाराज है बल्कि वो उनसे जवाब चाहती है कि जिस मोदी लहर में उन्होंने विधायक के वादों के दम पर उनको चुना था उन वादों को कौन पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि लोस चुनाव में विधायक के इस कदम पर गठबंधन को जवाब देना होगा। इस मौके पर राजकुमार सिंह, कमलेश पिंटू, शिवाजी मिश्रा, हरिनाथ पाल, अजय यादव, प्रेमशंकर सिंह, पंकज सिंह आदि मौजूद थे। गौरतलब है कि सुभाष पासी ने विस चुनाव में अपने सामने खड़े भाजपा के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर को हराया था। जबकि उस समय की मोदी लहर में अच्छे अच्छे दिग्गजों ने अपनी सीट गंवा दी थी। जीत के अंतर को छोड़कर प्रत्याशी के हिसाब से देखें तो भाजपा की वो हार प्रदेश की सबसे बड़ी हारों में से एक थी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< भारत की प्राचीन परंपरा का निर्वहन कर बाल विकास व पुष्टाहार विभाग ने की गर्भवतियों की गोदभराई
सीओ ने अर्धसैनिक बलों संग बहरियाबाद में किया रूटमार्च, लोगों को किया ताकीद >>