गाजीपुर नगर को अध्यक्ष ने सौंपा 75 लाख रूपए का विकास कार्य, शनिवार को मनोज सिन्हा करेंगे करीब 10 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास





गाजीपुर। नगरपालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने शुक्रवार को नगर के विकास की दिशा में एक और कदम बढ़ाया और इस दौरान उन्होंने नगर में विभिन्न स्थानों पर लगभग 75 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन महिलाओं के लिए विशेष है। आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के दिन मुझे इन विकास कार्यों को जनता को समर्पित करते हुए बेहद प्रसन्नता हो रही है। कहा कि गाजीपुर नगर का समुचित विकास हो इसके लिए हम सदैव तत्पर हैं और अपने इस प्रयास में हम काफी हद तक सफल भी हुए हैं। इसी का परिणाम है कि नगर के सभी हिस्सों में विकास कार्य न सिर्फ तेजी से हो रहे हैं बल्कि पूरी गुणवत्ता के साथ हो रहे हैं। पूर्व नपा अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने विकास कार्यो का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि वार्ड 3 तुलसीसागर में 41.26 लाख की लागत से इंटरलॉकिंग व ढक्कनदार नाली, रुईमण्डी वार्ड के झिंगुरपट्टी में 15.20 लाख की लागत से इंटरलाकिंग व ढक्कनयुक्त नाली, दीनदयालनगर वार्ड में 18.47 लाख की लागत से इंटरलॉकिंग व ढक्कनयुक्त नाली और स्टीमरघाट में 10 हॉर्स पावर के मिनी ट्यूबवेल की रीबोरिंग का लोकार्पण किया गया। कहा कि नगर पालिका की एक निश्चित सीमा है। उसी सीमा के अंतर्गत हम नगर में आने वाले सभी क्षेत्रों का बिना भेदभाव विकास कर रहे हैं। बीते कार्यकाल में भी हमने तमाम अड़चनों के बावजूद नगर के विकास के लिए अनेक कार्य किए और इन पांच सालों में भी रिकार्ड कार्य करके एक बार पुनः हम अपने पूरे हिसाब किताब संग जनता के सामने प्रस्तुत होंगे। कहा कि शनिवार को गाजीपुर नगर के विकास के लिए ऐतिहासिक दिन है। जिसमें 14वें वित्त व राज्य वित्त के अंतर्गत लगभग 9 करोड़ की लागत से 84 विकास कार्यों का शिलान्यास गाजीपुर के सांसद व रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा द्वारा आमघाट स्थित जलकल परिसर में किया जाएगा। बताया कि नमामि गंगे योजना के तहत नगर के 6 गंगा घाटों के सुंदरीकरण के कार्य का शिलान्यास भी श्री सिन्हा द्वारा किया जाएगा। इस मौके पर अशोक मौर्य, दिनेश बिंद, सभासद संतोष देवी, कुंवर बहादुर सिंह, सहबान अली, कमलेश बिंद, अशोक मौर्य, संजय कटियार, अजय कुशवाहा, नपा जेई विवेक बिंद, राकेश सिंह, गर्वजीत सिंह, कार्तिक गुप्ता, चंदन कुमार आदि मौजूद थे। अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक रमाशंकर राय व संचालन सभासद प्रतिनिधि रामेश्वर तिवारी ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< नारी सशक्तिकरण दिवस के रूप में भाजपा महिला मोर्चा ने मनाया विश्व महिला दिवस
पुलिया के नीचे मिले अज्ञात मृतक की सोशल मीडिया से हुई शिनाख्त, 3 दिनों से था घर से लापता >>