वाह! ऋषू ने बढ़ाया गाजीपुर का मान, मोहन राठौर के बाद महुआ चैनल के इस शो का बना विजेता





कासिमाबाद। भोजपुरी जगत के मशहूर चैनल महुआ प्लस पर आने वाले रियलिटी शो चल बलिए सुर क्षेत्र में क्षेत्र के युवा गायक ऋषू सिंह ने अपनी टीम रसिया की तरफ से कई प्रदेशों के प्रतिभागियों को हराने के बाद अपना पताका फहरा कर जनपद का नाम रोशन किया है। कासिमाबाद के सलामतपुर निवासी ऋषू सिंह का चयन शो के रसिया टीम में हुआ था। जिसमें उन्होंने एक एक कदम को पार करते हुए यहां तक का सफर पूरा किया। इसके बाद ऋषू ने यूपी, बिहार व झारखंड के 16 प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इसके पूर्व ये उपलब्धि भोजपुरी गीतों के स्टार गायक मोहन राठौर ने हासिल की थी। उनके विजेता घोषित होने की सूचना मिलते ही पूरे जनपद में हर्ष की लहर दौड़ गई। परिजनों ने लोगों को मिठाईयां खिलाकर खुशी साझा की। वहीं बचपन से ही संगीत प्रेमी ऋषू ने बताया कि उनके संगीत के प्रति पनपने वाले जुनून को उनके माता व पिता ने अपना पूरा सहयोग व आशीर्वाद प्रदान किया। उनके सहयोग के चलते ही आज वो इस खिताब को जीतने में सफल हो सके हैं। ऋषू ने बताया कि अब उन्हें कई भोजपुरी निर्देशकों के फोन आने लगे हैं। कहा कि वो एक सफल गायक बनकर जनपद व माता पिता का नाम रोशन करना चाहते हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अज्ञात वाहन ने पीएनसी कर्मी को रौंदा, मौत के बाद परिजनों ने किया प्रदर्शन
भाजपा कार्यकर्ताओं ने शवयात्रा निकाल फूंका ममता बनर्जी व टीएमसी का पुतला, बताया संविधान की हत्यारन >>