देवकली के लाल ने बनाया अनोखा विश्व रिकार्ड, उपराष्ट्रपति भी कर चुके हैं सम्मानित





देवकली। स्थानीय बाजार निवासी पत्रकार अशोक कुशवाहा के आईपीएस पुत्र ने पूरे देश में गाजीपुर का नाम रोशन किया है। उनके निजी प्रयासों ने इस कदर रफ्तार पकड़ी कि उन्हें अब तक न सिर्फ भारत के उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू द्वारा ‘‘चैंपिंयन्स ऑफ चेंज अवार्ड’’ से सम्मानित किया जा चुका है बल्कि अब गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड द्वारा विश्व रिकार्ड बनाने पर उन्हें टीम के एशिया हेड द्वारा सम्मानित किया गया। मूल रूप से देवकली निवासी संतोष कुमार छत्तीसगढ़ के महासमुंद के पुलिस अधीक्षक हैं। एसपी पद पर रहने के दौरान उन्होंने सीआईडी की डीआईजी नेहा चंपावत के साथ मिलकर जनपद में बालिकाओं की दबी स्थिति देख उन्हें मजबूत कर उन्हें समाज में आगे लाने का निश्चय किया जिसके बाद से ही उन्होंने बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देना शुरू किया। उनके इस अभियान को और सफलता मिली जब बालिकाओं के साथ ही अन्य वर्ग भी आगे आने लगा और प्रशिक्षण लेने लगा। एसपी ने इस अभियान को और विस्तृत रूप देते हुए इसे ‘‘हमार पुलिस, हमार संग’’ के स्लोगन के साथ चाइल्ड फ्रेंडली पुलिसिंग का भी नाम दिया और पूरे जनपद में मातहतों को निर्देशित किया कि वो बच्चों के मन में बचपन से ही व्याप्त पुलिस के भय को निकालकर उन्हें ये जताएं कि पुलिस उनकी मित्र है। इस अभियान में उन्हांने महिला आरक्षक अन्नु भोई व बाल मित्र रोशना डेविड की भी मदद ली। जिसके बाद पूरे जिले में ये अभियान जोर पकड़ गया और स्थिति ये रही कि जनपद में पुलिस की छवि ही बदल गई। अधिकारी द्वय के निर्देशन में जुलाई 2016 से शुरू इस अभियान के तहत अब तक 41 हजार 170 लोगों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए जो एक विश्व रिकार्ड है। इसके पूर्व ये रिकार्ड 4200 लोगों को एक साथ प्रशिक्षित करने का था। अभियान में आत्मरक्षा के अलावा यातायात, साइबर क्राइम, नशीले पदार्थों के सेवन, लैंगिक अपराधों व बच्चों को गुड टच बैड टच के बारे में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों के इस अभियान को ओर बल देते जनपद के टाउन हाल में हुए विभाग द्वारा बालिका दिवस के मौके पर हुए कार्यक्रम में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के एशिया हेड मनीष विश्नोई द्वारा आईपीएस व डीआईजी को सम्मानित किया गया। कहा कि ये रिकार्ड अपने आप में अनूठा है और आने वाले समय में ये रिकार्ड लंबे समय तक टूटता नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने इन प्रयासों की तारीफ भी की। इस मौके पर मुख्य अतिथि महासमुंद सांसद चंदूलाल साहू, जिलाधिकारी सुनील जैन, पवन पटेल आदि मौजूद थे। अध्यक्षता विधायक विनोद चंद्राकार ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गणतंत्र के 71वें वर्ष में पहुंचा भारत, धूमधाम से मना 70वां गणतंत्र दिवस
तीन माह से फरार अभियुक्त के घर हुई 82 की कार्रवाई >>