अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले वाली कांग्रेस का फैसला देश करेगा, ओडिशा में हजारों करोड़ की परियोजनाआें का किया शिलान्यास कर बोले पीएम मोदी





भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा और झारखंड में कई योजनाओं की शुरुआत की। मोदी ने ओडिशा के बारीपदा में जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हेलिकॉप्टर की खरीद में कब कौन सा मंत्री क्या फैसला ले रहा था, मिशेल क्रिश्चियन इसकी जानकारी विदेश भेज रहा था। समझ नहीं आता है कि कांग्रेस ने सरकार चलाई है या मिशेल मामा का दरबार चलाया है। अगस्ता वेस्टलैंड में जिस-जिस की भूमिका रही है, उसका फैसला देश की जनता और जांच एजेंसिया करेंगी। मोदी ने ओडिशा में हाईवे, पेट्रोलियम और नेचुरल गैस, रेलवे, पर्यटन से जुड़ीं 4500 करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास किया। वहीं, झारखंड में 2,391 करोड़ रुपए की डैम परियोजना सहित किसानों के लिए 6 योजनाओं की शुरुआत की। मोदी ने झारखंड के पलामू में कहा, “कांग्रेस किसानों को कर्ज माफी का वादा कर गुमराह कर रही है। कांग्रेस की सरकारों ने समय रहते किसान हितों की परियोजनाओं को पूरा कर दिया होता तो आज किसानों को कर्ज लेने की जरूरत नहीं पड़ती। पहले कांग्रेस सरकारों ने किसानों को कर्ज लेने पर मजबूर किया और आज कर्जमाफी के नाम पर किसानों को गुमराह कर रही है।“ कांग्रेस ने हाल के मध्यप्रदेश, छतीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा चुनाव में किसानों की कर्ज माफी के वादे पर सत्ता में वापसी की। तीनों राज्यों में पहले भाजपा की सरकार थी। मोदी ने कहा, “देश के उज्जवल भविष्य के लिए किसानों को ताकतवर बनाने की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। हम किसानों और देश की सेवा को अपना धर्म मानकर कार्य कर रहे हैं। खेत से बाजार तक नई व्यवस्था खड़ी करके हम किसान को सशक्त कर रहे हैं।“ इससे पहले प्रधानमंत्री ने पलामू में 3682.06 करोड़ की 6 योजनाओं का शिलान्यास किया। मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए किसान सिर्फ और सिर्फ वोट बैंक है, लेकिन हमारे लिए किसान हमारा अन्नदाता है, कांग्रेस और भाजपा में यही फर्क है। कहा कि 25 साल से योजना का काम ठप पड़ा था। आप बताइए किसी योजना का काम पूरा होने में आधी सदी का काम लगना चाहिए। सूखा प्रभावित क्षेत्र में किसानों के साथ यह लापरवाही है ना। किसानों के साथ ठगी और देश के ईमानदार करदाताओं के साथ बेईमानी है। 30 करोड़ रुपए से शुरू होने वाली योजना के लिए अब 2 हजार करोड़ से अधिक की लागत आएगी। इसका भार करदाताओं को उठाना होगा। इसके लिए पूर्व की सरकार आपकी गुनाहगार है। प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार में दलालों और बिचौलियों की कोई जगह नहीं है। हम सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में सीधा पैसा जमा करके पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं। पहले की योजनाएं जो नामों के आधार पर चलीं वो आज जमीन पर दिखाई नहीं पड़ती हैं, हमारी सरकार नाम के झगड़ों में ना पड़कर काम करने पर विश्वास करती है। जब देश में रिमोट कंट्रोल वाली सरकार थी तो उन्होंने पांच साल में गावों में सिर्फ 25 लाख घर बनवाए और हमनें 5 साल से भी कम समय में 1 करोड़ 25 लाख घर बनवा दिए हैं। पहले जो घर मिलते थे उसमें सिर्फ खाली चार दीवारें होती थीं, लेकिन अब जो घर मिल रहे हैं उसमें तमाम मूल सुविधाएं हैं, जो एक परिवार के लिए जरूरी होती हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< लोकसभा चुनाव लड़ेगा साउथ का ये मशहूर ‘‘विलेन’’
सर्दियों की छुट्टियों में स्कूल पहुंचे प्रेमी युगल, एक ही ग्रिल में लगाई फांसी, हत्या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस >>